ऑडिट के नाम पर खेल करने का आरोप
धामपुर। अल्हैपुर विकास क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अधिकांश प्रधानाध्यापकों और प्रभारी शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर आडिट में खेल करने का आरोप लगाया है। शिक्षकों का आरोप है कि बीआरसी केंद्र पर अधिकारी न आकर घर बैठे ही आडिट किया है। वहीं बीईओ योगेशपाल सिंह ने आरोपों को गलत बताया।
ब्लाक के शिक्षक ललित कुमार, दिग्विजय सिंह, राजीव कुमार, मनोज कुमार, अनुज कुमार, लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को बीआरसी केंद्र पर विभाग की ओर से स्कूलों के प्रबंधन समितियों के खातों में विभिन्न मदों में कार्य कराने को धन का आवंटन हुआ है। इस धन में से शिक्षकों द्वारा स्कूलों में किस मद में कितना काम हुआ है और कितना अधूरा है। कितनी धनराशि काम कराने के बाद अवशेष बची हुई है। बीईओ द्वारा बीआरसी केंद्र पर आडिट किया जाना था। आरोप है कि बीईओ शाम के पांच बजे तक केंद्र पर आडिट करने नहीं पहुंचे। शिक्षक आडिटरों के केंद्र पर आने का इंतजार करते रहे। शिक्षकों का कहना है कि बीईओ और अन्य आडिटरों ने घर पर ही आडिट किया है, जो गलत है। शिक्षकों ने बीएसए से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उधर बीईओ ने लगे आरोपों को गलत बताया। कहा कि उनकी तबीयत खराब है।