प्रवासी श्रमिक की बेटी से दुष्कर्म का आरोपी भेजा जेल
धामपुर। प्रवासी श्रमिक की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।
सीओ महावीर सिंह राजावत ने बताया कि बरेली जिले का रहने वाला दंपती अपने चार बच्चों सहित हरिद्वार में मजदूरी करता था। लॉकडाउन के चलते वह हरिद्वार में ही फंस गया। अनलॉक होने पर बरेली जाने के लिए अल्मोड़ा जा रहे ट्रक में मंगलवार को सवार हो गया था। जब ट्रक चालक धामपुर थाने की सीमा में पहुंचा तो आरोपी चालक ने दंपती को यह कहकर उतार दिया कि आगे पुलिस चेकिंग हो रही है। दंपती के उतरने पर आरोपी चालक ट्रक में सवार चारों बच्चों को लेकर फरार गया है। उनमें दो पुत्री और दो पुत्र सवार थे। पीड़ित दंपती ने नगीना चौक पर तैनात पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसी बीच आरोपी चालक ने ट्रक में सवार एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक उमेशचंद्र निवासी गांव संगरौली थाना लमगढ़ा जनपद अल्मोड़ा (उत्तराखंड) के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी से 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ। कोतवाल ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई पर एसपी संजीव त्यागी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।