राजस्व वसूली में तेजी लाएं अधिकारी : डीएम
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने परिवहन, बांट माप, विद्युत, मंडी समिति आदि विभागों में मानक के अनुरूप राजस्व वसूली न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जिस विभाग को शासन द्वारा जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसके अनुरूप लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने राजस्व वादों, भूमि विवाद, सार्वजनिक भूमि कब्जा के निस्तारण मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी वादों के निस्तारण को गुण एवं दोष के आधार पर तत्काल ही निस्तारण करें। ऑडिट आपत्तियों, तहसील के अनुसार आपत्तियों के निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। शुक्रवार को जिलाधिकारी रमाकांत पांडे की अध्यक्षता में कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली की समीक्षा ली। डीएम ने बांट-माप विभाग, खाद्य सुरक्षा, आपूर्ति, वाणिज्य कर, खनन, परिवहन, स्थानीय निकाय, श्रम, आवास के अलावा स्टांप एवं निबंधन, आबकारी, विद्युत, वन, मंडी परिषद, सिंचाई, गन्ना आदि विभागों के राजस्व वसूली कार्य की बिंदुवार समीक्षा की। इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम न्यायिक नितिन मदान, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।