आत्महत्या नहीं युवक की हत्या की गई
कोतवाली देहात। कोतवाली देहात में निकाह के पांचवें दिन ही युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो गया है। युवक ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। एसपी देहात व सीओ थाने ने पहुंच कर मृतक की नवविवाहित को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
कस्बे के रजा कॉलोनी निवासी फरमान का निकाह 25 अगस्त को गांव बल्लाशेरपुर निवासी फरहीन से हुआ था। पांचवें दिन सोमवार रात नव दंपती घर में अकेले थे। रात में ही फरमान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई । फरमान की पत्नी ने लोगों से बताया कि फरमान ने दुपट्टे से घर में लटक कर फांसी लगा ली। पुलिस ने फरमान की मां और आसपास के लोगों द्वारा युवक की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर करने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की गला दबाकर किए जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पुलिस ने नव विवाहिता फरहीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी हैं। घटना के खुलासे के लिए एसपी देहात संजय कुमार व सीओ नगीना प्रभात कुमार थाने में कैंप किए हुए हैं।