हल्दौर। कान में ईयर फोन लगाकर मोबाइल देखते हुए रेल पटरी पर चल रहे साहिद (21) निवासी सल्लाहपुर की ट्रेन से कटने से मौत हो गई। शव के भी चीथड़े हो गए। पुलिस ने बमुश्किल टुकड़ों को एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव सल्लाहपुर के पास मौज्जमपुर नारायण-गजरौला रेल ट्रैक है। शनिवार सुबह 9:15 बजे साहिद पुत्र ताहिर रेल लाइन पार स्थित दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। साहिद पटरी पर ही चलने लगा। तभी गजरौला से चलकर नजीबाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन गुजरी। कोहरे के चलते ट्रेन नजर नहीं आई। ग्रामीणों ने बताया कि कान में ईयर फोन लगाकर पटरी पर चल रहे साहिद ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन का हॉर्न भी उसे सुनाई नहीं दिया। साहिद के शव के टुकड़े 200 मीटर तक रेल ट्रैक बिखर गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक का मोबाइल फोन पड़ा मिला है। ट्रेन चालक ने घटना की सूचना हल्दौर रेलवे स्टेशन मास्टर भरत शर्मा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। बताया गया कि साहिद ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। अब उसकी मौत से परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।