बरुकी/कोतवाली देहात। पानीपत-खटीमा हाईवे पर बुधवार रात बरूकी में निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड के पास खुले पड़े नाले में गिरकर गांव पमड़ावली के ऋषभ कुमार (26) पुत्र ओमपाल की मौत हो गई। रातभर वह नाले में ही पड़ा रहा।
सुबह आसपास के लोगों ने नाले में उसका शव पड़ा देखा। नाले को खुला छोड़ने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बरूकी पुलिस चौकी पर रखकर जमकर हंगामा किया। मौके पर एनएचएआई के अधिकारियों से समझौता होने के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।
बृहस्पतिवार सुबह लोगों ने हाईवे किनारे नाले में शव पड़ा देखा। सूचना पर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान ऋषभ कुमार के रूप में की गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि वह बिजनौर रोड पर स्थित एक क्रशर में मजदूरी करता था। बुधवार की रात वह साइकिल से किसी काम से बरूकी आया। ओवरब्रिज के पास हाईवे किनारे खुले नाले में वह गिर गया। नाले की गहराई अधिक होने और पानी भरा होने के कारण वह नाले से बाहर नहीं निकल पाया और रात भर वहीं पड़े रहने से उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक शव को बरूकी पुलिस चौकी में रखकर हंगामा किया। हाईवे किनारे का नाला खुला छोड़ने पर ग्रामीणों और परिजनों ने एनएचएआई के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन साल से ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है लेकिन अधिकारी काम पूरा नहीं करा पा रहे।
सीओ नगीना अंजनी चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष कोतवाली देहात प्रवेज तोमर मौके पर पहुंचे। परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े थे। इसके बाद पहुंचे एनएचएआई के अधिकारियों तथा परिजनों के बीच वार्ता हुई। इस दौरान समझौता हो जाने पर परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। सीओ नगीना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मकान निर्माण में मदद और आवासी पट्टे का दिया आश्वासन
एसडीओ एनएचएआई आशीष शर्मा ने कहा कि हाईवे निर्माण कर रही एजेंसी की ओर से मदद के तौर पर एक लाख की धनराशि दी गई है। मृतक के मकान के निर्माण में भी निर्माण एजेंसी की ओर से निर्माण सामग्री की मदद की जाएगी। उधर प्रशासन की ओर से 100 वर्ग फुट का एक आवासीय पट्टा दिया गया है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से भी अन्य मद में मदद कराई जाएगी।
कोतवाली देहात के ग्राम बरुकी में शव मिलने वाले युवक ऋषभ का फाइल फोटो।
कोतवाली देहात के ग्राम बरुकी में शव मिलने वाले युवक ऋषभ का फाइल फोटो।