गला रेतकर की गई युवती की हत्या
बिजनौर। तीन दिन पूर्व मंडावर क्षेत्र के गांव रतनपुर रियाया और रानीपुर के जंगल में मिले युवती के शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के चार माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।
13 फरवरी को मंडावर थाने के गांव रतनपुर रियाया व रानीपुर के जंगल में युवती का गला रेत कर हत्या करके शव डाल दिया था। एसपी संजीव त्यागी सहित तमाम अफसरों ने मौके का निरीक्षण किया था। युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। युवती का शव तीन दिन से जिला अस्पताल की मोर्चरी में ही रखा था। शव की पहचान नहीं होने पर शनिवार को डीएम के निर्देश पर चिकित्सकों की टीम गठित कर शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती की गला रेत कर हत्या की गई थी। उसके गले पर धारदार हथियार से दो गहरे घाव मिले। युवती के हाथ पर भी काटने का निशान है। इससे साफ है कि हत्या के दौरान युवती ने संघर्ष किया है। युवती चार माह की गर्भवती थी। युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। मंडावर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करवा दिया।