दांपत्य सूत्र में बंधे 21 जोड़े
चांदपुर। आभा फाउंडेशन की ओर से सर्व जातीय विवाह सम्मेलन 2020 के तहत 21 बेटियों की शादी पूर्ण विधि-विधान के साथ कराई गई।
फादरसन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल चांदपुर के प्रांगण में आयोजित सर्वजातीय विवाह सम्मेलन का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मेलन में तीन मुस्लिम बालिका का निकाह मौलाना फहीम साहब के द्वारा पढ़ा गया। साथ ही 18 हिंदू बालिकाओं का विवाह शांतिकुंज के सदस्य विजय पाल सिंह चौहान आदि के द्वारा संपन्न कराया गया। विवाह में आभा फाउंडेशन की ओर से सभी नवयुगल को घर का आवश्यक सामान भी दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि मोहम्मद नफीस अहमद, सदस्य मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन संबद्ध अल्पसंख्यक मंत्रालय भारत सरकार मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ने आभा सिंह द्वारा उठाए गए इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की। कार्यक्रम में मंजू त्यागी, इमरान हाशमी, ज्ञान वर्मा द्वारा अपने संबोधन के दौरान इस पुण्य कार्य की सराहना की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य सदस्य गण, लायनेस क्लब, सेवाभारती, प्रेरणा परिवार, इनरव्हील की सम्मानित सदस्य तथा विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक, अध्यापक गण, फादरसन पब्लिक स्कूल परिवार के सभी अध्यापक व 21 नवयुगल जोड़ों के परिजन मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानाचार्य अमन कुमार, उपप्रधानाचार्य केसर जमाल, शिवांगी पंडित, विनीत कुमार, शौर्य प्रताप सिंह आदि का सहयोग रहा।