एक किसान नेता ने जनप्रतिनिधि पर समस्याओं को छोड़ इस मुद्दे को उठाने पर की टिप्पणी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। खालिद बंधु प्रकरण में सोमवार को सोशल मीडिया पर जंग सी छिड़ गई। भाकियू अराजनैतिक के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने पूर्व सांसद पर मुख्यमंत्री के सामने विकास और क्षेत्र की समस्याओं को छोड़कर इस प्रकरण को तूल देने का आरोप लगाया। फेसबुक पर इसे लेकर एक पोस्ट भी डाली। उधर, कुछ देर बाद भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोबिन चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर टिप्पणी की है कि कार्रवाई कहीं हो रही है और दर्द कहीं ओर हो रहा है। रोबिन चौधरी पर हमले के बाद से ही खालिद बंधुओं पर कार्रवाई चल रही है।
सोमवार को डीएम जसजीत कौर ने भी वीडियो जारी कर खालिद और तालिब के खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी दी। डीएम के इस वीडियो को भी बहुत से लोगों ने साेशल मीडिया पर पोस्ट किया है। अलग-अलग संगठनों के नेता अपने-अपने हिसाब से इस पर टिप्पणी कर रहे हैं। कोई खालिद बंधुओं पर की गई कार्रवाई का विरोध कर रहा है तो कोई पक्ष में टिप्पणी कर रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मिलकर खालिद और तालिब प्रकरण को प्रशासन द्वारा ठंडे बस्ते में डाल देने की शिकायत की थी। इस शिकायत को लेकर जिले के कई नेता अलग-अलग खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। उधर, पूर्व सांसद के एक समर्थक ने किसान नेता और कई अन्य के तालिब बंधुओं के एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने का फोटो फेसबुक पर डाला है।