बिजनौर। बिजनौर में नगीना मार्ग पर स्थित रेल फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण की राह आसान हो गई है। रेलवे ने ओवरब्रिज के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। ओवरब्रिज के निर्माण में करीब 79 करोड़ रुपये की लागत आएगी। दरअसल यह मुद्दा बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने पिछले दिनों ही सदन में उठाया था।
बिजनौर लोकसभा सांसद चंदन चौहान ने सदन में बिजनौर-मेरठ वाया हस्तिनापुर रेल लाइन की सालों पुरानी मांग का जिक्र किया। इसके साथ ही बिजनौर में नगीना मार्ग स्थित रेल फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण की मांग को भी दोहराया था। रेल मंत्रालय की ओर से बिजनौर सांसद को पत्र जारी करते हुए ओवरब्रिज की स्वीकृति की जानकारी दी गई। बिजनौर में नगीना मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज के निर्माण की मांग सालों से चली आ रही है। जिसके निर्माण के लिए सर्वे भी कर लिया गया था, मगर धरातल पर यह परियोजना नहीं उतर सकी। बिजनौर सांसद ने सदन में इस जनहितकारी कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह का आभार व्यक्त किया है। नगीना मार्ग पर बनने वाला यह ओवरब्रिज जाम की समस्या का समाधान कर देगा। यह आए दिन लगने वाले जाम से आमजन को बड़ी राहत देगा। ओवरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा और समय की बचत होगी।