नगीना (बिजनौर)। पड़ोसी व्यक्ति घर में अकेली दस साल की बालिका को अमरूद खिलाने के बहाने गन्ने के खेत में ले गया और दुष्कर्म किया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
नगीना के एक मोहल्ले में रहने वाला व्यक्ति कोटद्वार में रहकर मजदूरी करता है जबकि उसकी पत्नी और दस साल की बेटी घर पर रहतीं हैं। महिला दवाई लेने के लिए बढ़ापुर चली गई, ऐसे में घर पर अकेली उसकी बेटी को पड़ोस में रहने वाला ओमप्रकाश (60) बालिका को अमरूद खिलाने के बहाने बहला फुसलाकर घर से करीब पचास मीटर दूर गन्ने के खेत में ले गया। वहां आरोपी ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया।
बालिका की चीख सुनकर पास के बाग में घास काट रहीं दो महिलाएं मौके की ओर दौड़ीं। जिन्होंने आरोपी को दबोच लिया और जमकर पिटाई की। इसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ़ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत कुमार का कहना है कि पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
- पिछले कई दिनों से फिराक में लगा था आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी कई दिन पहले से बालिका को टॉफी और अन्य खान पान का सामान खिला रहा था। अब उसने अमरूद खिलाने की बात कही तो बालिका झांसे में आ गई।