बिजनौर। आतंकी गतिविधियों की जांच के घेरे में आए बिजनौर के मैजुल का लुक आउट नोटिस जारी कर दिया गया है। दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले मैजुल के तार किन लोगों से जुड़े हैं, पुलिस उनकी कुंडली खंगाल रही है। उधर दुबई में बैठे मेरठ के आकिब ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर गाली गलौच की और खूब धमकाया। आकिब के निशाने पर मीडिया और सरकारी सिस्टम रहा।
यूपी एटीएस पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़कर स्लीपर मॉडयूल में शामिल होने वाले संदिग्धों पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में एटीएस ने मेरठ के साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, गौतमबुद्धनगर के विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए संदिग्ध आतंकी साकिब का कनेक्शन मेरठ के ही रहने वाले आकिब से निकला। वह दुबई में रहने वाले आकिब से इंस्टग्राम के जरिए जुड़ा था। साथ ही बिजनौर के गांव सौफतपुर का मैजुल भी आकिब के संपर्क में था।
मैजुल दक्षिण अफ्रीका में सैलून का काम करता है। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मैजुल का लुक आउट नोटिस जारी कराया गया है। मैजुल के संपर्क में आए लोगों को भी तस्दीक करने का काम चल रहा है।
पिछले साल एके-47 और ग्रेनेड के साथ वायरल हुआ था वीडियो : पिछले साल नवंबर में वायरल वीडियो में आकिब, मैजुल समेत चार लोग जुड़े हुए थे। वीडियो में आकिब ने एके-47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया था। इस मामले में बिजनौर के थाना नांगल में 23 नवंबर को मैजुल निवासी सौफतपुर थाना नांगल बिजनौर, आकिब खान निवासी गांव सठला मवाना मेरठ और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने वीडियो कॉल की और लगा दी थी एफआर : उस वक्त नांगल पुलिस ने आकिब से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद केस को खत्म कर दिया था। एटीएस की जांच में इनका आतंकी कनेक्शन निकला तो बिजनौर पुलिस ने फिर से जांच खोल दी। अब पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसने के मूड में हैं। मैजुल के संपर्क में आए अन्य युवकों की भी तलाश की जा रही है। इस मामले में विवेचक को निलंबित कर दिया गया था और सीओ को नजीबाबाद सर्किल से हटा दिया गया था।