नजीबाबाद/ रायपुर सादात। अनियंत्रित कार तालाब में गिरने से कार चालक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कार में सवार अफजलगढ़ निवासी दंपती को सुरक्षित निकाल लिया।
अफजलगढ़ निवासी अतुल जैन पत्नी राशि के साथ कार से जौलीग्रांट देहरादून दवा लेने गए थे। देहरादून से वापसी के दौरान नजीबाबाद-नगीना मार्ग पर रावल हेड़ी के निकट अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में गिर गई। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय ग्रामीण और नगीना देहात थानाध्यक्ष उदय प्रताप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कार में सवार पति-पत्नी को सुरक्षित निकाल लिया लेकिन पानी में कार डूबी रहने से गांव चाउवाला अफजलगढ़ निवासी कार चालक विक्की (28) की घटनास्थल पर मौत हो गई। बुधवार की देर शाम हुई घटना के बाद पुलिस ने विक्की का शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। उधर दंपति को उपचार के लिए नगीना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।