पशुशाला में लगी आग, बाइक, किताबें जलीं
नजीबाबाद/बड़िया। मो.अमीखानपुर उर्फ जट्टीवाला में बिजली के शॉर्ट सर्किट से छप्परनुमा पशुशाला में आग लग गई। पशुशाला के पशुओं को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि एक बाइक और पाठ्य पुस्तकें जल गईं।
ग्राम पंचायत मो.अमीखानपुर उर्फ जट्टीवाला में सरदार मेजर सिंह के छप्परनुमा पशुशाला में मंगलवार को अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लोगों ने छप्पर में बंधे दो पशुओं, परिजनों और क्षेत्रवासियों ने सुरक्षित बचा लिया। पशुशाला में मेजर सिंह के पुत्रों की किताबें रखीं थीं। किताबें और बाइक आग की चपेट में आने से जल गईं।
पूर्व ग्राम प्रधान साहब सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल जोगेंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी। साहब सिंह ने तहसीलदार राधेश्याम शर्मा से परिवार को अग्निकांड में हुए नुकसान के लिए आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।