कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम आनंदखेड़ी जलने से मरने वाले वृद्ध प्रेम सिंह का फाइल फोटो।
कोतवाली देहात। ग्राम आनंद खेड़ी उर्फ बनखेड़ी में टीनशेड में लगे पुआल के बिस्तर में मोमबत्ती गिरने से लगी आग में किसान प्रेम सिंह जिंदा जल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार प्रेम सिंह (57 वर्ष) शुक्रवार को गांव से ही एक शादी में गए थे। वह जल्दी लौट आए और घर के पास बनी बैठक में सो गए। बताया कि वह अपनी बिस्तर के नीचे पुआल बिछाकर सोते थे।
रात में बैठक में जल रही मोमबत्ती बिस्तर पर गिर गई जिससे आग लग गई। बिस्तर पुआल का होने की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गहरी नींद में होने और आग के विकराल रुप धारण कर लेने की वजह से प्रेम सिंह को बिस्तर से उठने का मौका हीं नहीं मिल पाया।
देर रात में पुत्र शिवा शादी से लौटा तब उसने बैठक में धुआं उठता हुआ देखा। उसने दरवाजा खोला तब तक प्रेम सिंह बुरी तरह जल गए थे। परिजन उन्हें गांव में चिकित्सक के यहां ले आए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।