रेहड़। रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव राजनगर के निकट खनन सामग्री से भरे डंपर ने हर्षिता (5) पुत्री दिनेश कुमार को कुचल दिया। हादसे में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस के समझाने पर ग्रामीण शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को राजी हुए।
गांव राजनगर निवासी हर्षिता गांव के ही दो बच्चों के साथ जा रही थी। तभी हाईवे पर खनन सामग्री से भरे डंपर ने उसे कुचल दिया। डंपर बालिका को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ओवरलोड खनन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर रेहड़ और अफजलगढ़ थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया। मृतका पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। पिता दिनेश कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है।
डंपर की टक्कर से दो दिन में तीन मौत
नगीना देहात थाना क्षेत्र में भी शनिवार की तड़के एक डंपर ने ई रिक्शा ने टक्कर मार दी थी। जिसमें एक एक बालिका और ई रिक्शा चालक की मौत हो गई थी।
बाइक की टक्कर से युवक घायल
रेहड़। थाना शेरकोट के गांव हरेवली निवासी काले सिंह अपने भाई रामकिशोर के साथ बाइक से रिश्तेदारी में रुद्रपुर उत्तराखंड गया था। रविवार शाम वापस आते समय रेहड़-बादीगढ़ के बीच संत रविदास पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में काले के सिर में गंभीर चोट आ गई, जबकि रामकिशोर मामूली रूप से घायल हो गया। काले को सीएचसी से हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया। सीओ अफजलगढ़ आलोक सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।