किरतपुर। किरतपुर थाने की भनेड़ा चौकी पर तैनात सिपाही नितिन मलिक (39) निवासी गांव लांक जिला शामली की सोमवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत सिपाही को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नितिन मलिक पिछले करीब चार माह से भनेड़ा चौकी पर तैनात थे। सोमवार शाम करीब छह बजे वह थाना परिसर में मौजूद थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें घबराहट होने लगी। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उपचार के लिए चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सिपाही का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव जिला शामली ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में कस्बा इंचार्ज दीपक नागर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सिपाही अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार के साथ पुलिस विभाग में भी गहरा शोक है।