स्योहारा। ग्राम प्रधानों के कार्यकाल विस्तार की मांग को लेकर लखनऊ जा रहे स्योहारा क्षेत्र के प्रधानों की बस को रामपुर जिले के मिलक कस्बे में पुलिस ने रोक लिया। बस में करीब 42 ग्राम प्रधान सवार थे। पुलिस बस को अपने कब्जे में लेकर सभी प्रधानों को वापस स्योहारा ले आई। बुधवार सुबह करीब छह बजे बस स्योहारा पहुंची।
26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को लखनऊ में प्रधान संघ का सम्मेलन प्रस्तावित था, जिसमें जिले भर के प्रधानों को शामिल होना था। सम्मेलन को देखते हुए पुलिस ने प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सचिन मलिक समेत कई प्रधानों को नजरबंद कर दिया था। बताया गया कि पुलिस की सख्ती के बावजूद स्योहारा प्रधान संघ अध्यक्ष दीपक सिसोदिया के नेतृत्व में मंगलवार रात करीब आठ बजे एक बस स्योहारा से लखनऊ के लिए रवाना हुई। बस में लगभग 42 ग्राम प्रधान सवार थे।
मंगलवार रात करीब 12 बजे बस रामपुर जिले के मिलक कस्बे में एक होटल पर रुकी। इसी दौरान रामपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बस को कब्जे में लेकर सभी प्रधानों को वापस स्योहारा भेज दिया। प्रधान संघ अध्यक्ष दीपक सिसोदिया और ग्राम प्रधान हीरनपुरा प्रदीप विश्नोई ने बताया कि ग्राम प्रधानों की मांग है कि जब तक नए पंचायत चुनाव नहीं हो जाते, तब तक प्रशासक नियुक्त करने के बजाय मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। लखनऊ जाने वालों में अंकज चौधरी, कपिल चौधरी, त्रिवेंद्र शर्मा, प्रदीप विश्नोई, यामीन अहमद, जीशान अहमद और अवनीश चौहान समेत अन्य ग्राम प्रधान शामिल रहे।