नहटौर-नूरपुर मार्ग पर वन विभाग की ओर से शिवभक्तों की सुविधार्थ लगाए गए बैनर। स्त्रोत विभाग
- फोटो : :अहान की फाइल फोटो ।
बिजनौर। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा इंतजामों का खाका तैयार कर लिया गया है। जिन रास्तों से शिवभक्तों का रेला गुजरेगा, ऐसे पांच मार्ग पुलिस की निगरानी रहेगी। जिले में सेक्टर व्यवस्था को लागू कर दिया गया है।
महाशिवरात्रि 26 फरवरी को है। इस तारीख से करीब दस दिन पहले यानि 16 फरवरी से कांवड़ यात्रा चालू हो जाएगी। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त कांधे पर कांवड़ रखकर बिजनौर जिले के पांच रास्तों से होकर गुजरते हैं। बरेली, रामपुर, काशीपुर, अमरोहा, संभल, अलीगढ़ और मुरादाबाद आदि जनपदों के शिवभक्त अपने जिले के रास्तों से होकर निकलेंगे। ऐसे में इंतजामों को पुख्ता करने के लिए जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन, 21 सेक्टर और 62 सब सेक्टर में बांटा गया है।
सुपर जोन स्तर पर एएसपी, जोन स्तर पर सीओ और सेक्टर स्तर पर निरीक्षक जिम्मेदारी संभालेंगे। करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की कांवड़ यात्रा में ड्यूटी लगी है।
बंद किए जाएंगे नेशनल हाईवे के कट : हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे की एक लेन को कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इस लेन में वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं इस हाईवे पर कट बंद करने के लिए नेशनल हाईवे के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
जिला पंचायत करेगी पथ प्रकाश व्यवस्था : कांवड़ियां रात में भी पैदल चलते हैं। तमाम जगहों पर रास्ते में अंधेरा होता है। ऐसे में जिला पंचायत की ओर से पथ प्रकाश व्यवस्था का इंतजाम किया जाएगा।