फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े व्यापारी से 10.68 लाख लूटे

Thu, 23 Oct 2014 05:31 AM IST
Bijnor
विज्ञापन
विज्ञापन
किरतपुर/बिजनौर। बाइक लिए सड़क पर खडे़ तीन बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े बेटे के साथ बिजनौर जा रहे बाइक शोरूम के स्वामी से तमंचे के बल पर दस लाख 68 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी को आतंकित करने के लिए बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। विरोध करने पर व्यापारी को तमंचे की बट से पीटा। घटना के समय वहां से गुजर रहे राहगीरों ने भी व्यापारी की मदद नहीं की। वारदात के बाद बदमाश व्यापारी की कार ले उड़े। व्यापारी से लूटपाट की वारदात से पुलिस के होश उड़ गए। कांबिंग के दौरान पुलिस को व्यापारी की लूटी गई कार घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर सड़क पर खड़ी मिली।
विज्ञापन

नजीबाबाद निवासी राजीव आर्य का नजीबाबाद व बिजनौर में बाइकों का शोरूम है। बुधवार सुबह वह बेटे वत्सल आर्य एडवोकेट के साथ पोलो कार से बिजनौर आ रहे थे। धनतेरस पर बाइकों की बिक्री के दस लाख 68 हजार रुपये गाड़ी की डिग्गी में बैग में रखे थे। गाड़ी को ड्राइवर अनीस चला रहा था। आगे वाली सीट पर राजीव आर्य व पीछे बेटा बैठा था। सुबह करीब सवा नौ बजे राजीव आर्य की कार जैसे ही भनेड़ा गांव के पास नहर के पुल पर पहुंची तो वहां पर पहले से ही घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने कार रोक ली। बदमाशों ने अपनी बाइक सड़क के बीचोंबीच खड़ी कर रखी थी। बदमाशों ने कार सवार तीनों को उतार लिया और तमंचे से हवाई फायरिंग कर राजीव आर्य के सिर पर बट से प्रहार किया। बदमाशों ने कार की डिग्गी खोलकर रुपयों से भरा बैग निकाल लिया। इस दौरान कई बाइक सवार वहां से गुजरे, पर राहगीरों को देखकर बदमाश जरा भी नहीं डरे और अपने काम को अंजाम देते रहे। बदमाशों ने वत्सल आर्य का मोबाइल भी लूट लिया। दो बदमाश बाइक व एक व्यापारी की कार लेकर बिजनौर की ओर फरार हो गए। लूट की सूचना पर पुलिस घटनास्थल की ओर दौड़ी और इलाके की नाकेबंदी कर कांबिंग शुरू कराई। इस दौरान व्यापारी की कार घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मिल गई। घटना का पता चलने के करीब एक घंटे बाद एसपी सतेंद्र कुमार, सीओ नजीबाबाद सुभाषचंद्र गंगवार व शहर कोतवाल राकेश पालीवाल व्यापारी को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बदमाशों ने की थी व्यापारी की पूरी रेकी
बुधवार को व्यापारी के दूसरी गाड़ी से आने का भी पता था बदमाशों को
किरतपुर। लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने पूरी रेकी कर रखी थी। बदमाशों को पता था कि व्यापारी बुधवार को अपनी कार से नहीं बल्कि बेटे की पोलो कार से बिजनौर जा रहा है। उन्हें कार की डिग्गी में रखे रुपयों की भी जानकारी थी। व्यापारी राजीव आर्य का पुत्र वत्सल आर्य मुंबई में रहता है। वह दीपावली पर घर आया हुआ था। बुधवार को वह वत्सल की कार से ही बिजनौर आ रहे थे। बदमाशों को व्यापारी की कार व उसकी डिग्गी में रखी रकम की जानकारी पहले से ही थी। बदमाशों ने गाड़ी रोकते ही कार की डिग्गी खोलकर रुपयों से भरा बैग उठा लिया। ड्राइवर अनीस ने बताया कि लूट के दौरान नजीबाबाद की ओर से एक कार आई, लेकिन बदमाशों के हाथ में तमंचे देखकर कार स्वामी वापस नजीबाबाद की ओर कार भगा ले गया। अनीस के अनुसार रुपयों से भरा बैग दो बदमाश बाइक पर लेकर ही फरार हुए हैं।
विज्ञापन

बेखौफ वारदात को अंजाम देते रहे
किरतपुर। मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर जिस जगह बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया, वहां किरतपुर निवासी अरुण अग्रवाल का क्रेशर है। पुल के पास से ही गांव किथौड़ा, उमरपुर, रंगड़पुरा के ग्रामीण नजीबाबाद व बिजनौर जाने के लिए बस आदि वाहनों में सवार होते हैं। इसके बावजूद बदमाशों को कोई डर नहीं था और वे बेखौफ वारदात को अंजाम देते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें