बिजनौर। राष्ट्रीय आर्य राज सभा प्रत्याशी को बिना अनुमति जुलूस निकालकर प्रचार कराना महंगा पड़ गया। प्रत्याशी समेत 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, जबकि दो कारें जब्त कर लीं।
मंगलवार को राष्ट्रीय आर्य राज सभा प्रत्याशी धर्मेंद्र के समर्थन में पार्टी नेताओं ने स्टेट बैंक के पास स्थित चुनाव कार्यालय से जुलूस निकाला था। जुलूस बिना प्रशासन से अनुमति लिए निकाला जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली तो शास्त्री चौक पर जुलूस को रोक लिया। जुलूस में 30-40 वाहन थे। किसी के पास अनुमति पत्र नहीं था। रोक के बाद भी ये कार्यकर्ता जुलूस निकालने से नहीं माने। पुलिस ने जुलूस में शामिल दो बोलेरो को कब्जे में ले लिया। बाकी वाहनाें को लेकर कार्यकर्ता भाग गए। सिविल लाइन चौकी के प्रभारी अजयपाल की ओर से प्रत्याशी धमेंद्र समेत 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 188 व 177 जे के तहत शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शहर कोतवाल राकेश पालीवाल ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।