मंडावली/नजीबाबाद। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो परिवारों में जमकर पथराव हुआ। एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में गोली लगने से युवक घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पथराव में घायल हुए दो लोगों का प्राथमिक उपचार कराया गया। एक पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी तीन हमलावरों को हिरासत में लेकर असलाह भी बरामद किया है।
गांव मीरमपुर बेगा में मंगलवार सुबह जाहिद और हबीब के परिवार आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से घरों की छतों से जमकर पथराव किया गया। घटना में जाहिद (60), संबंधी मुख्तार (55), जाहिद का पुत्र जावेद (23) घायल हो गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के हबीब ने पिता हसीनुद्दीन की लाइसेंसी बंदूक से और अय्यूब ने तमंचे से घर की छत पर चढ़कर फायरिंग की। गोली लगने से जाहिद का पुत्र जुबैर (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेरठ ले जाया गया है।
गांव में खूनी संघर्ष की सूचना पर मंडावली थाना प्रभारी डीके शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल गांव पहुंचा। एसआई प्रेमपाल ने आरोपी हबीब, कासिम और अय्यूब को हिरासत में लेने के साथ हमलावरों के पास से लाइसेंसी बंदूक, खोखे बरामद किए, जबकि इंतजार फरार हो गया। हमले में प्रयुक्त तमंचा पुलिस के हाथ नहीं लगा। जाहिद की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने हबीब, कासिम, अय्यूब व इंतजार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। घटना को लेकर गांव में हड़कंप मचा है। खूनी संघर्ष का कारण रास्ते पर रेत डाले जाने से परेशानी होना बताया गया।