नजीबाबाद। भाकियू (भानु गुट) के राष्ट्रीय महासचिव हनीफ वारसी का आरोप है कि इस देश में बेईमानों की जय है। किसान बेईमान नहीं इसलिए उसका उत्पीड़न हो रहा है।
हरिद्वार में तीन दिवसीय शिविर से वापस रामपुर लौट रहे वारसी ने यह बात नजीबाबाद में कही। उन्होंने कहा कि किसान की सबसे पहली जरूरत बिजली ही उसे नहीं मिल रही। इस क्षेत्र में किसान आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो रहा है। डीजल रोजाना महंगा हो रहा है। बिजली तो मिल नहीं रही, उल्टा विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी कर दी गई। गांवों में नलकूप कनेक्शन चार्ज 11 हजार रुपये से बढ़ाकर करीब 35 हजार रुपये कर दिए गए हैं। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर किसान आत्महत्या नहीं करेगा तो क्या करेगा?
उन्होंने कहा कि बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों से अधिक ब्याज वसूला जा रहा है। उन्होंने मुरादाबाद क्षेत्र में एक बैंक द्वारा तीन प्रतिशत ब्याज के स्थान पर 13 प्रतिशत ब्याज वसूलने का भंडाफोड़ कराने का दावा किया। इस मौके पर बाबूराम तोमर, नृपेंद्र कुमार, राजीव राठी, धूम सिंह, जयपाल सिंह, जय सिंह, जितेंद्र पहलवान, चौधरी सतपाल, हुकम सिंह, देवेंद्र राजपूत, नीटू सिंह आदि किसान मौजूद थे।