बिजनौर। स्कूल चलो अभियान के तहत गुरुवार को जिले भर से आए स्कूली बच्चों ने नगर में जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर डीएम अजयदीप सिंह ने कहा कि स्कूल चलो अभियान को जन जन का अभियान बनाने की जरूरत है। अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ साथ अभिभावकों की भागीदारी बढ़ानी होगी। इसके लिए ब्लॉक, नगर व ग्राम स्तर पर भी जागरण रैलियां निकाली जाएंगी।
रैली डीएम आवास के निकट लूईसली पार्कर स्कूल से शुरू हुई रैली को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सबसे आगे चल रहे आदर्श शिक्षा पब्लिक स्कूल के स्काउट ने गार्ड ऑफ ऑनर और पुलिस लाइंस स्कूल व सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने बैंड से सलामी दी। जागरूकता रैली नुमाइश ग्राउंड के निकट स्थित इंदिरा बाल भवन में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के संयोजक बीएसए राकेश कुमार श्रीवास्तव ने शिक्षा अधिकारियों व अभिभावकों को पात्र शत प्रतिशत बच्चों को स्कूल ले जाने का संकल्प दिलाया। रैली में सबसे आगे नगर क्षेत्र के विद्यालयों के बच्चे व उनके पीछे मुहम्मदपुद देवमल विकास खंड, हल्दौर व अल्हैपुर समेत अन्य विकास खंडों के विद्यालयों से आए बच्चे चल रहे थे। नगर क्षेत्र के बच्चों का नेतृत्व डिप्टी बीएसए सकुंजबाला, मुहम्मदपुर के बच्चों का नेतृत्व एबीएसए सहदेव गंगवार व हल्दौर के बच्चों का नेतृत्व प्रमोद कुमार शर्मा ने किया। सभी विकास खंडों के एबीएसए अपने अपने क्षेत्र से बच्चों को लेकर बिजनौर पहुंचे थे। जिला खेल प्रभारी पीसी चक्रवर्ती के संचालन में हुई रैली में डीआईओएस शशि देवी शर्मा, एसडीएम मंजूलता, तहसीलदार हेम सिंह, एबीएसए डा. सीपी गौतम, सहदेव गंगवार, अमरपाल सिंह, शेर सिंह, सोमवीर सिंह के अतिरिक्त जिला समन्वयक प्रशिक्षण रामवीर सिंह, मित्रपाल गौतम, विजयपाल सिंह यादव, सलीम अख्तर, लियाकत अली, राशू कुमार, आदर्श कुमार गुप्ता, प्रशांत चौधरी, अरुण जंघाला, विष्णु कुमार आदि मौजूद रहे।