स्योहारा। पहली पत्नी से संतान न होने पर दूसरा निकाह करने जा रहे पति को खासी फजीहत का सामना करना पड़ गया। निकाह कार्यक्रम में फिल्मी स्टाइल में पहुंची पहली पत्नी ने बखेड़ा कर दिया। हंगामे के बीच उसने निकाह रुकवा दिया। पत्नी के दबाव के कारण शौहर को दूसरा निकाह न करने तथा कभी भी बीबी को तलाक न देने का शपथपत्र लिखकर देने के बाद ही मामला शांत हुआ।
शेरकोट निकासी एक व्यक्ति दिल्ली में रहता है। 16 वर्ष पूर्व उसकी शादी शेरकोट की अपनी बिरादरी की युवती से हुई थी। 16 वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई संतान न होने के कारण पति दूसरा निकाह करना चाहता था। एक रिश्तेदार के माध्यम से स्योहारा में अपनी ही बिरादरी की एक किशोरी से निकाह की बात चली। अपनी पत्नी से जमीन खरीदने की बात कहकर 60 हजार रुपये लेकर बुधवार को वह दिल्ली से स्योहारा पहुंच गया। जहां दुपहर दो बजे निकाह होना था। इस बीच कुछ लोगों ने इसकी जानकारी उसकी पत्नी के मायके वालों को देते निकाह रात दस बजे तक टाल दिया।
निकाह की रस्म परवान चढ़ने के दौरान ही पहली पत्नी अपने परिजनों के साथ फिल्मी अंदाज में मौके पर पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। बाद में मामला बिरादरी की पंचायत में रखा गया। पंचायत ने भी पहली पत्नी का समर्थन कर दिया। बार बार पंचायत जुड़ी और गुरुवार दुपहर शौहर द्वारा शपथ पत्र देने पर ही मामला शांत हुआ।