बिजनौर। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और जोन अध्यक्ष रशीद मसूद और उपाध्यक्ष शामली विधायक पंकज मलिक ने लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को बिजनौर पहुंचकर दावेदारों को टटोला। दोनों नेताओं ने अलग कमरे में जिले के नेताओं से बात की।
रशीद और पंकज ने कांग्रेसियों की बैठक में संगठन को ब्लाक स्तर तक मजबूत करने पर बल दिया। इसके बाद दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वालों को एक-एक कर बंद कमरे में बुलाकर बात की। पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर पाराशर, नहटौर नगर पालिका अध्यक्ष रशीद अहमद, जिलाध्यक्ष अवनीश ठाकुर, नीरज चौधरी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंघल ने बिजनौर सीट से और पूर्व विधायक सतीश कुमार, यादराम सिंह चंदेल, उमराव सिंह थोलिया, विक्रम सिंह आदि ने नगीना सीट से अपनी दावेदारी रखी। इस मौके पर नसीब पठान, मुनिदेव शर्मा, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश भाटी, नसीम खान आदि उपस्थित रहे।
मीरा कुमार को चुनाव लड़ाने की सलाह
जिले के नेताओं ने रशीद मसूद और पंकज मलिक को राय दी कि यदि लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार नगीना सीट से और हरेंद्र मलिक बिजनौर से चुनाव लड़े तो कांग्रेस को खोई जमीन वापस मिल सकती है। 1985 में बिजनौर से मीरा कुमार के जितने के बाद जिले में कांग्रेस को जीत नहीं मिली। सूत्रों के अनुसार रशीद ने नेताओं से कहा कि पहले जिले के लोग हरेंद्र मलिक और मीरा कुमार से बात करें। इसके बाद हाईकमान को यह सुझाव दिया जाएगा।
अखिलेश केवल पंच मतल के इंचार्ज : मसूद
बिजनौर। शनिवार को यहां आए कांग्रेस नेता रशीद मसूद ने डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा किया मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पंचम तल के इंचार्ज मात्र हैं। गौरतलब है कि लखनऊ स्थित सचिवालय में पंचम तल पर प्रदेश के वरिष्ठतम अधिकारियों के कार्यालय हैं।
रशीद ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश केवल वरिष्ठ अधिकारियों के इंचार्ज भर हैं। प्रदेश की बागडोर उनके अलावा अन्य चार ‘मुख्यमंत्रियों’ के हाथ में है। प्रदेश का बुरा हाल है और कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। मायावती ने प्रदेश को जहां छोड़ा था आज वह उससे भी पीछे चला गया है। अधिकारी पिट रहे हैं और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
एफडीआई पर रशीद ने कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा अकारण बखेड़ा खड़ा कर रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब देश की जरूरत बन गई है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को बरगलाकर सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं।
कागजों पर संगठन
रशीद मसूद ने कहा कि कागजों पर तो कांग्रेस पार्टी का संगठन है। जमीन पर यह कहां तक है इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने ब्लाक स्तर तक संगठन को मजबूत करने की बात कही। साथ ही रशीद ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग करनी चाहिए। उन्हें रालोद पर चुनाव तक गठबंधन कायम रहने का भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक गठबंधन मजबूत न हो जाए तब तक अपने दम पर चुनाव की तैयारी पूरी करनी चाहिए और यह काम कांग्रेस कर रही है।