जलालाबाद। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के अभिभावकों ने मुख्य अध्यापक और शिक्षिकाओं के समय से स्कूल में न आने पर नाराजगी व्यक्त की। गुस्साए अभिभावकों ने डिप्टी बीएसए से शिकायत कर व्यवस्था में सुधार की मांग की।
कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय जलालाबाद में मुख्य अध्यापक और चार शिक्षिकाएं तैनात हैं। अभिभावक रफीक, इरफान, आसिफ, तौफीक, आदिल मुमताज, मुहम्मद गौरी का आरोप है कि अक्सर स्कूल में मुख्य अध्यापक और शिक्षिकाएं समय से नहीं आते और बच्चों को प्रार्थना स्वयं करनी पड़ती है। उधर, मुख्य अध्यापक मुहम्मद आजम ने अभिभावकों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि गुरुवार को बीएलओ ड्यूटी कर रहीं तीन शिक्षिकाएं सीधे तहसील चली गईं और एक शिक्षिका अवकाश पर थी। वे स्वयं विद्यालय परिसर में उपस्थित थे। उधर, डिप्टी बीएसए सुकुंज बाला अग्रवाल ने अभिभावकों से शिकायत मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराकर व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।