नजीबाबाद। एसडीएम ने बुधवार को ईंट भट्ठा स्वामियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने भट्ठा स्वामियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
तहसील क्षेत्र के ईंट भट्ठा स्वामियों ने एसडीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बैठक ली। एसडीएम ने सभी भट्ठा स्वामियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यदि न्यायालय से ईंट भट्ठा संचालन की अनुमति मिलती है, तो न्यायालय के आदेशों के तहत ही संचालन संभव हो सकेगा। जिसके अंतर्गत भट्ठा संचालक को ईंट पाथने के लिए आवश्यक मिट्टी खनन के लिए पर्यावरण विभाग और वन विभाग से अनुमति लेनी होगी। भट्ठे पर कोई भी बाल श्रमिक कार्य करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भट्ठा स्वामियों को बताया गया है कि पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान में मजदूरों के पांच वर्ष आयु के बच्चो को पोलियो ड्रॉप पिलवाना भी उनका दायित्व है। मीटिंग में नायब तहसीलदार महेंद्रपाल सिंह, रजिस्ट्रार कानूनगो मुनीश चंद शर्मा, भट्टा संचालकों की ओर से सोमपाल सिंह, सरफराज अहमद, मुहम्मद हसन, अब्दुल जब्बार, हाजी नफीस अहमद, नरेश कुमार, अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।