चांदपुर। बैनामे के लिए बैंक से नकदी लेकर घर जा रही महिला का नोटों से भरा थैला बदमाशों ने साफ कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी साड़ी पर गंदगी पड़ी होने की बात कही थी। वह साड़ी साफ करने लगी तो बदमाश उसका थैला लेकर भाग निकले। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है।
ग्राम सैंदवार निवासी गजराज सिंह को मंगलवार को जमीन का बैनामा कराना है। इसके लिए उन्होंने बीमा खाते पर 72 हजार रुपये का लोन लिया था। सोमवार को गजराज सिंह की पत्नी बीना देवी भारतीय स्टेट बैंक से 72 हजार रुपये तथा पोस्ट आफिस से एफडी तुड़वाकर 50 हजार रुपये की रकम लेकर गांव सैंदवार जा रही थी। बीना देवी ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे वह बजरिया सातो इमली बाजार पहुंची। इसी दौरान एक फल बेचने वाले ने बताया कि उसकी साड़ी पर गंदगी पड़ी है। महिला ने वहीं फल वाले से पानी लेकर थैला ठेले पर रखकर साड़ी साफ करनी शुरू कर दी। साड़ी धोकर जैसे ही उसने देखा तो ठेले पर रखा थैला गायब था। बीना के अनुसार थैले में एक लाख बाइस हजार रुपये तथा बैंक की पासबुक और अन्य सामान था। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एटीएम कार्ड बदल 69 हजार उड़ाए
बिजनौर। तीन युवकों ने एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 69 हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिजनौर के अंबेडकर नगर निवासी बाबूराम के मुताबिक तीन जुलाई को वह नजीबाबाद मार्ग स्थित पीएनबी के एटीएम से रुपये निकालने गया था। वहां पहले से ही तीन युवक मौजूद थे। बाबूराम ने कई बार कोशिश की, लेकिन एटीएम से रुपये नहीं निकले, तो वह वहां से चला गया। एक बार फिर वह रुपये निकालने गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसने बैंक जाकर खाता चेक किया तो 69 हजार 520 रुपये निकले मिले। बाबूराम के पास जो एटीएम कार्ड था वह नन्हे पुत्र जहूर खान का निकला। बाबूराम के मुताबिक एटीएम में खड़े युवकों ने उसका कार्ड बदलकर उसके खाते से रुपये निकाले हैं। नन्हे के खिलाफ थाने में धोखाधड़ी कर खाते से रुपये निकालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।