पांच मार्च तक भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
फोटो 24
बिजनौर। जिला प्रशासन के सकारात्मक रुख और शिवरात्रि के त्योहार को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन स्थगित कर दिया है। प्रशासन को भुगतान जल्द से जल्द कराने के लिए चेताया है। भुगतान न होने पर किसानों ने पांच मार्च को जिले भर में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
गन्ना भुगतान के संबंध में बैठक बुलाई गई। बैठक में वेव ग्रुप की बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल को छोड़कर सभी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वेव ग्रुप के गन्ना महाप्रबंधक परोपकार सिंह ने किसानों को छह करोड़ का भुगतान देने के बारे में बताया। एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ ने भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वेव ग्रुप के अधिकारियों को तलाश करने के लिए पूरी दबिश दी जा रही है, लेकिन मिल के अफसर भूमिगत हैं। सीओ सिटी महेश कुमार ने ग्रुप के अफसरों को लाने के लिए नोएडा, बुलंदशहर, अमरोहा में दी गई दबिश की वीडियो और फोटो भी किसानों को दिखाए। भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि प्रशासन के प्रयास की उन्हें जानकारी है। उन्होंने कहा कि मिलों द्वारा भुगतान न करने से किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि जिला प्रशासन के सकारात्मक रुख को देखते हुए किसान आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है। किसानों को यह भी पता है कि गन्ना भुगतान के लिए प्रशासन ने पूरे जोर लगा रखे हैं। इन सब चीजों को देखते हुए किसान चार मार्च तक आंदोलन स्थगित कर रहे हैं। प्रदेश महासचिव रामअवतार सिंह ने कहा कि प्रशासन तय समय में भुगतान करा दे वर्ना किसान पांच मार्च को पूरे जिले में गोरिल्ला आंदोलन कर देंगे। रेलवे टै्रक और हर सड़क पर किसान कब्जा कर लेंगे। वार्ता में एसडीएम बृजेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह, किसान लुधियान सिंह, कुलदीप सिंह, अतुल कुमार, दीपक तोमर, सुनील प्रधान, दिनेश कुमार, अजय कुमार, प्रमो कुमार, डालचंद, हुकुम सिंह, बिजेंद्र सिंह, रूचिन, भोले, राजवीर सिंह, डैनी आदि मौजूद रहे।
पुलिस देती रही दबिश
किसानों के आंदोलन की संभावना को देखते हुए वेव ग्रुप के अधिकारियों की तलाश पुलिस ने बुधवार से ही शुरू कर दी थी। ग्रुप के अधिकारियों की तलाश में नोएडा, बुलंदशहर, अमरोहा में हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी गई, लेकिन कोई नहीं मिला। चांदपुर और बिजनौर चीनी मिल में भी कोई अधिकारी नहीं मिला।