बिजनौर। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल फिल्म यूनिवर्सिटी जनपद में 700 बीघा जमीन में बनाई जाएगी। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसकी खरीदारी का काम भी शुरू हो गया है। यूनिवर्सिटी के शिलान्यास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महानायक अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान के अलावा कई नामी हस्तियां यहां आएंगी।
लखनऊ में हुए इंवेस्टर्स समिट देश भर के उद्यमियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। इसमें बिजनौर जिले को एक फिल्म यूनिवर्सिटी के रूप में बड़ा तोहफा मिला था। इसे पूरा करने की जिम्मेदारी बिजनौर एक्टर ग्रोमिंग सोसायटी ने ली है। सोसायटी के पदाधिकारियों के मुताबिक जिले में फिल्म यूनिवर्सिटी बनाने के लिए करीब 700 बीघा जमीन चिह्नित की जा चुकी है। जमीन खरीदने का कार्य अंतिम चरण में है। जल्दी ही जमीन खरीदने से जुड़ा व अन्य कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बताया कि यूनिवर्सिटी के शिलान्यास पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महानायक अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान भी शामिल हो सकते है। बताया कि यह फिल्म यूनिवर्सिटी विश्व की पहली फिल्म यूनिवर्सिटी होगी। यहां कुल 198 कोर्स चलेंगे। फिल्म एकेडमी के साथ क्लब, मल्टीप्लेक्स, हॉस्टल, शूटिंग कैंपस, प्रिंट मीडिया, न्यूज चैनल, एफएम रेडियो चैनल स्थापित किए जाएंगे। फिलहाल फिल्म यूनिवर्सिटी के लिए विवेकानंद डिग्री कॉलेज दरबाड़ा चांदपुर की जमीन को भी किराए पर लिया गया है।
अमिताभ बच्चन को बनाया महानायक
बॉलीवुड को अमिताभ बच्चन जैसा महानायक देने में जिले का अहम योगदान है। अमिताभ बच्चन की पहली सुपरहिट फिल्म जंजीर के निर्देशक बिजनौर शहर के मोहल्ला खत्रियान निवासी प्रकाश मेहरा प्रकाश मेहरा थे। इस फिल्म के बाद अमिताभ बच्चन स्टार बन गए थे। उनकी एंग्री यंग मैन की छवि बनी थी। प्रकाश मेहरा ने बॉलीवुड को तमाम सुपरहिट फिल्में दीं। इनमें हसीना मान जाएगी, हाथ की सफाई, समाधि, जंजीर, मुकद्दर का सिकंदर, घुंघरू, दलाल, शराबी, खून पसीना, जादूगर, हिमालय से ऊंचा, हेराफेरी आदि ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल है।
चांदपुर की पहले से पहचान
चांदपुर क्षेत्र बॉलीवुड में पहले से ही खास पहचान रखता है। यहां के रहने वाले कुंवर आदित्यवीर सिंह ने कई दशक पहले मुंबई में थिएटर चलाते थे। उनका थिएटर बहुत मशहूर था। उनके शो के टिकट एक हफ्ता पहले ही बिक जाते थे। इसके अलावा फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज का बचपन भी बिजनौर में ही बीता है। उनके पिता किसी सरकारी महकमे में तैनात रहते हुए बिजनौर में रहे थे। विशाल भारद्वाज ने अपनी फिल्म डेढ़ इश्किया में चांदपुर रियासत का जिक्र भी किया था। इसके अलावा बॉलीवुड फिल्म अंगूर, लंका की शूटिंग भी यहां हो चुकी है। प्रसिद्ध अदाकार मनोज वाजपेयी, ट्विंकल वाजपेयी, अर्जन बाजवा, यशपाल शर्मा आदि ने जिले में रहकर फिल्म के कई हिस्से शूट किए थे।