विक्रांत सिंह ने किया यूपी हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व
बिजनौर। जनपद के होनहार हॉकी खिलाड़ी विक्रांत सिंह ने सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में यूपी टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम रोशन किया है। टीम को प्रमाण देकर सम्मानित किया। वापस लौटने पर नेहरू स्टेडियम में उसका भव्य स्वागत हुआ।
नौ से 14 जनवरी तक हरियाणा के हिसार में सब जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें यूपी टीम का प्रतिनिधित्व जिले के विक्रांत सिंह ने करके जिले का नाम रोशन किया। विक्रांत की कप्तानी में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम उपविजेता रही। इस दौरान हुई सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में यूपी टीम ने पहले मैच में तेलंगाना को 25-0, बिहार को 10-0, चंडीगढ़ को 4-0 पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला हरियाणा और यूपी के बीच हुआ। इसे हरियाणा ने 3-2 से जीत लिया। इसमें यूपी टीम उप विजेता रही। जिला खेल कार्यालय की हॉकी कोच चित्रा चौहान के अनुसार विक्रांत पिछले कई सालों से नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन साल तक हॉकी के गुर सीखे। इसके बाद अंडर-14 में पिछले साल उसका गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में चयन हो गया था। वर्तमान में वह गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में अध्ययनरत है। वह शुरू से ही होनहार रहा है। उसने अपनी सफलता का श्रेय कोच चित्रा चौहान, माता-पिता, अपनी दीदी सोनाली को दिया है। टीम को उप विजेता रहने पर प्रमाण पत्र और बुके देकर सम्मानित किया गया।