शास्त्री चौक तक हटाया अतिक्रमण
बिजनौर। प्रशासन ने बुधवार को प्रदर्शनी चौक से शास्त्री चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी से सभी होर्डिंग हटाए गए। दुकानों के आगे अतिक्रमण करने वालों पर 19 हजार का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मची रही।
एसडीएम बृजेश कुमार सिंह व सीओ सिटी महेश कुमार की अगुवाई में बुधवार को नगरपालिका की टीम ने पुलिस के साथ प्रदर्शनी चौक से शास्त्री चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। ठेले, फड़वालों को वहां से खदेड़ा गया। सड़क के दोनों ओर लगे होर्डिंग जेसीबी की मदद से हटाए गए। वहीं, दुकानों के आगे लगे होर्डिंग भी नहीं छोड़े गए। जिन दुकानों व अस्पतालों के आगे बिना पार्किंग के वाहन खडे़ थे उन पर जुर्माना लगाया गया। भविष्य में वाहन खडे़ होने पर कड़ी कार्रवाई होने की चेतावनी दी गई। नगर पालिका की टीम उतारे गए होर्डिंग को ट्रैक्टर ट्राली में अपने साथ ही ले गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा। एसडीएम बृजेश कुमार के मुताबिक शास्त्री चौक से प्रदर्शनी चौक तक अतिक्रमण की वजह से रोज जाम के हालात बने रहते थे। इसलिए अतिक्रमण अभियान चलाया गया है। छोटे बडे़ व्यापारियों पर एक हजार से लेकर पांच हजार तक का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण अभियान लगातार जारी रहेगा। अगर किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।