झंडा लगाकर सिंचाई विभाग की जमीन कब्जाने की कोशिश
हरेवली। शेरकोट थाने के गांव नागरपुर खड़गसेन में खाली पड़ी सिंचाई विभाग की जमीन पर असामाजिक तत्वों ने कब्जा करने नीयत से डॉ. भीमराव आंबेडकर का करीब 20 फीट ऊंचा नीला झंडा स्थापित कर दिया। सूचना पर सिंचाई विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। सिंचाई विभाग के एसडीओ सतीश कुमार ने घटना से एसडीएम को अवगत करा आरोपियों का पता लगवाकर कार्रवाई कराने की मांग की है।
एसडीओ सतीश कुमार ने बताया कि गांव नागपुर खड़गसेन में सिंचाई विभाग की जमीन खाली पड़ी है। बुधवार रात किसी समय असामाजिक तत्वों इस जमीन पर डॉ. आंबेडकर का नीला झंडा स्थापित कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा गया। झंडे के चारों ओर से ईंटों का चबूतरा बना था। अधिकारियों ने बताया कि इससे लगता है कि कुछ शरारती लोग जानबूझकर सिंचाई विभाग की खाली जमीन पर झंडा लगा कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को भी घटना से अवगत करा दिया। पुलिस और विभाग की टीम ने गांव में जाकर दिनभर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। एसडीएम कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य का कहना है कि मामला में गंभीर है। एसओ शेरकोट को आरोपियों का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों का पता लगने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।