चांदपुर। शिक्षक ने बेटे के जन्मदिन पर उपहार के रूप में पौधा लेकर पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल की है। साथ ही उपहार में मिले इन पौधों का परिजनों और अतिथियों के साथ मिलकर गांव में रोपण भी कराया।
पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे नूरपुर ब्लॉक के गांव हीमपुर पृथवा निवासी शिक्षक चंचल कटारिया ने अपने बेटे लक्ष्य का प्रथम जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाया। उन्होंने उपहार के रूप पौधा लेकर एक नई मिशाल पेश की है। बताया कि बेटे के जन्मदिन पर सभी मेहमानों से उपहार के रूप में केवल पेड़ पौधे ही भेंट करने का आग्रह किया था। जन्मदिन सहित अनेक प्रकार के आयोजनों पर दिए जाने वाले उपहारों की खुशियां चंद लोगों तक ही सिमट तक रह जाती है। मेहमानों से उपहार में कोई बहुमूल्य वस्तु न लेकर केवल पेड़ पौधे ही स्वीकार किए। सभी मेहमानों ने बच्चे को उपहार के रूप में पौधे भेंट किए। इससे पूर्व गांव के जूनियर हाईस्कूल परिसर में पर्यावरण संरक्षण पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें आरआर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य प्रणय मनु गुप्ता, सरदार रवींद्र सिंह, रूमाल सिंह, हरपाल सिंह चौहान, सुनील कुमार, निर्भय प्रताप राणा आदि ने पर्यावरण को बचाने के लिए चचंल कटारिया द्वारा उठाए गए कदम की सराहना की। अपने अपने घरों में पांच-पांच पौधे लगाने के साथ प्रत्येक जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का आह्वान किया। जन्मदिन के मौके पर चचंल कटारिया ने बताया कि परिजनों व अतिथियों के साथ गांव के सार्वजनिक स्थलों पर 551 छायादार और फलदार पौधे लगाए।