बिजली दर बढ़ोतरी के विरोध में करेंगे बिजलीघरों का घेराव
नजीबाबाद। रालोद ने बिजली की दरें बढ़ने से कृषि और आम जन-जीवन प्रभावित होने पर चिंता व्यक्त की। राष्ट्रीय लोकदल की सभा में 13 सितंबर को नजीबाबाद और बरकातपुर क्षेत्र में बिजलीघर पर प्रदर्शन और घेराव का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय लोकदल विधानसभा क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में सोमवार को बैठक हुई। जिसमें रालोद के प्रदेश सचिव सरदार बलवीर सिंह ने प्रदेश और केंद्र सरकार को किसान, मजदूर विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के साथ प्रदेश सरकार ने बिजली की दरों में वृद्धि करके किसानों और आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि बिजली की बढ़ी दरें वापस लेने की मांग को लेकर 13 सितंबर को 132 केवी उपसंस्थान नजीबाबाद और 132 केवी उपसंस्थान बरकातपुर में प्रात: 11 बजे धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी चौधरी रघुनाथ सिंह, हरेंद्र सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य सरदार बुद्ध सिंह, बलदेव सिंह, संजय चौहान, सर्वजीत सिंह, शरीफ अहमद, देवेंद्र जीत सिंह, तरसेम सिंह, गुरुदेव सिंह, ब्रजराज सिंह, सुरेश राणा, विजय सिंह, महावीर सिंह, तिलकराम, सुधांशु नामदेव, गजेंद्र सिंह, सतपाल, चंद्रे आदि मौजूद रहे।