नूरपुर। मुरादाबाद-बिजनौर मार्ग को फोरलेन किए जाने के लिए सड़क किनारे बनाए जा रहे नाले को अधूरा छोड़ दिए जाने से दुकानों के आगे जल भराव हो गया है। इससे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। मंगलवार को व्यापारियों ने हंगामा करते हुए नाले का निर्माण कराने की मांग की। इस संबंध में एक ज्ञापन पालिका के अधिशासी अधिकारी को सौंपा।
करीब दो वर्ष से बिजनौर-मुरादाबाद मार्ग को फोरलेन किए जाने का काम चल रहा है। इसके लिए पीडब्लूडी द्वारा सड़क के दोनों ओर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। करीब एक माह पूर्व पीएनबी से शहीद तिराहे तक नाला बनाने के लिए जमीन तो खोद दी गई, लेकिन वहां अभी तक नाले का निर्माण नहीं हो सका है। नाला निर्माण न होने के कारण घरों और मोहल्लों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क किनारे भर गया है। भारी जलभराव के चलते दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को व्यापारी नेता तसलीम अहमद के नेतृत्व में मुकुल गुप्ता, तरुण गुप्ता, रोहताश कुमार, नईम अहमद, डा. कामिल आदि व्यापारी मौके पर पहुंचे ओर नाले का शीघ्र निर्माण कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में सभी व्यापारी नगरपालिका पहुंचे। अधिशासी अधिकारी अब्दुल सबूर को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता यूडी पांडेय ने बताया कि मजदूर न मिलने से नाला निर्माण में समस्या आ रही है। ठेकेदार को नाले का शीघ्र निर्माण कराने के लिए कहा गया है।