धामपुर। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि 28 मई को नूरपुर विधान सभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है। विधान सभा क्षेत्र के 49 मतदान केेंद्र उनके सर्किल के स्योहारा थाने में शामिल हैं। स्योहारा थाने के एसओ और क्षेत्र के सभी उप निरीक्षकों को आचार संहिता का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने मंगलवार को स्योहारा थाने के सभी उप निरीक्षकों की बैठक की। उन्होंने चुनाव को निष्पक्ष और शांति पूर्वक कराने के लिए आचार संहिता का पालन कराने पर जोर दिया। कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी होने की आशंका है, उन्हें अत्यंत संवेदनशील श्रेणी में शामिल कर अतिरिक्त फोर्स की रिपोर्ट दें। एक सप्ताह के अंदर थाना क्षेत्र के सभी गांवों के उन लोगों के शस्त्रों को थाने में जमा कराना है, जिनके पास शस्त्र लाइसेंस हैं। गांवों में जिन लोगों से मतदान में व्यवधान करने की आशंका हो, उनके खिलाफ अविलंब निरोधात्मक कार्रवाई करें।