हल्दौर। गांव सुल्तानपुर में आयोजित आकियू की पंचायत में क्षेत्र में हुई चकबंदी निरस्त कराने का निर्णय लिया गया। किसानों ने पुन: चकबंदी न होने व किसानों के सही तरीके से चक व्यवस्थित न करने पर आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है।
गांव सुल्तानपुर में मंगलवार सुबह चकबंदी को लेकर आजाद किसान यूनियन की पंचायत हुई। पंचायत में संगठन के जिला उपाध्यक्ष मूला सिंह फौजी ने कहा कि चकबंदी अधिकारियों, दलालों के माध्यम से रिश्वत लेकर गरीब किसानों के चक तितर-बितर कर दिए हैं। इससे किसान परेशान है। किसानों में चकबंदी विभागीय अधिकारियों के प्रति आक्रोश व्याप्त है। वह किसानों का शोषण नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया में भारी धांधली की गई है। किसानों ने क्षेत्र में हुई चकबंदी को निरस्त कराकर पुन: मानक अनुरूप चकबंदी कराने की मांग की है। संगठन ने इस मामले में क्षेत्रीय किसानों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला चकबंदी अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। पंचायत की अध्यक्षता मुकुल कुमार व संचालन डा. अशोक कुमार ने किया। पंचायत में राजकुमार, पुष्पेंद्र कुमार, मंगल सिंह, चरन सिंह प्रजापति, घासी सिंह, पीतांबर सिंह, राम सिंह पहलवान, दीपक कुमार, धनवीर सिंह, कृपाल सिंह, नरेश कुमार त्यागी, लाल सिंह आदि मौजूद रहे।