नगीना। एसडीएम गजेेेद्र सिंह ने समस्त परिषदीय मान्यता प्राप्त स्कूलों व इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि शिक्षण के योग्य आयु के सभी बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि क्षेत्र में किसी भी अमान्य स्कूल का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। जांच के दौरान अटैचमेंट के मामले संज्ञान में आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार की दोपहर तहसील सभागार में आयोजित ब्लॉक कोतवाली के समस्त परिषदीय स्कूलों व इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों से उन्होंने कहा कि जिन बच्चों ने कक्षा आठ पास की है, उनका शत प्रतिशत कक्षा नौ में प्रवेश कराएं। जिन छात्र-छात्राओं ने कक्षा पांच पास की है उन्हें कक्षा छह में प्रवेश अवश्य दिलाएं। कोई भी बच्चा प्रवेश से न छूटे। उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्र में जो अमान्य स्कूलों में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, उनका तत्काल प्रवेश सभी सरकारी स्कूलों में कराकर उन्हें रिपोर्ट प्रेषित करें। अमान्य स्कूलों के खिलाफ छापामारी की कार्रवाई सोमवार से की जाएगी। इस टीम में तहसीलदार, एबीएसए, बीडीओ कोतवाली को रखा गया है। बैठक में एमएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राम बहादुर वर्मा, हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एसएस लाल, डीवीके इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रमा राजवंशी, वीर सिंह, दलीप कुमार, चंद्रमणि, राजवीर, उमेश शर्मा, एनपीआरसी मधुसूदन, परवेज आदिल समेत समस्त एनपीआरसी भी मौजूद रहे।