अमरोहा। डिडौली क्षेत्र के शेखूपुर माफी के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में दबंगों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। डीएम ऑफिस में शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। शुक्रवार को जोया ब्लाक क्षेत्र के गांव शेखूपुर माफी के ग्रामीण ग्राम प्रधान के नेतृत्व में एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले दबंगों के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही भू माफियाओं ने ग्राम समाज पर बने धार्मिक कुएं की जमीन पर पशु बांधकर अवैध कब्जा कर रखा है। जिससे धार्मिक स्थल पर गंदगी फैल गई है। ग्राम सचिव द्वारा नोटिस देने के बाद भी दबंग कब्जा हटाने को तैयार नहीं हैं। कब्जा हटाने को कहते हैं तो धमकी दे रहे हैं। इस दौरान आसिफ, वासिद, मोहम्मद रफी, शाहिद हुसैन आदि मौजूद रहे।