किसान सम्मान दिवस की तैयारियां तेज
बिजनौर। इस बार प्रशासन किसान सम्मान दिवस को यादगार बनाने की तैयारी में जुटा है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपने सीएम कार्यकाल में किसान सम्मान दिवस का शुभारंभ किया था। प्रशासन ने किसान सम्मान दिवस की तैयारी शुरू की दी हैं। किसान दिवस पर कृषि, पशुपालन, गन्ना समेत सात क्षेत्र के जिले के 87 किसानों को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय कृषि गोष्ठी होगी।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस का आयोजन होता है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए सन 2000 में इसकी शुरूआत की थी। भाजपा के पुन: सत्ता में आने के बाद अब किसान सम्मान दिवस को जोर शोर से मनाने की तैयारी है। उपनिदेशक कृषि जेपी चौधरी के अनुसार किसान सम्मान दिवस पर क्राप कटिंग के आधार पर सात क्षेत्र के किसानों को दो स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। ब्लाक स्तर पर 55 किसान सम्मानित होंगे। इसमें कृषि क्षेत्र के 22, उद्यान के सात, गन्ना, पशुपालन के छह-छह, डेयरी, कृषि विज्ञान के पांच-पांच, मत्स्य क्षेत्र के चार किसान शामिल हैं। जिला स्तर पर इन्हीं क्षेत्र के 32 किसान सम्मानित होंगे। जिला स्तर पर 16 प्रथम, 16 द्वितीय पुरस्कार हैं। प्रथम पुरस्कार को 7000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार को 5000 रुपये की नगद धनराशि दी जाएगी। ब्लाक स्तर पर सभी को दो-दो हजार रुपये दिए जाएंगे। जिले से चयनित किसानों को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। विभागों ने किसानों का प्रदर्शन के आधार पर चयन शुरू कर दिया है।