नहटौर । बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार दो युवक ट्रक की चपेट में आ गए । हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
मोहल्ला पूर्वी तकीयागढ़ी निवासी अजीम अहमद (25) अपने मोहल्ले के ही युवक नासिर (23 ) के साथ बाइक से घर की ओर आ रहा था। नहटौर-धामपुर मार्ग पर मोहल्ला जोशीयान में ट्रक से ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से अजीम की बाइक की भिड़त हो गई। अजीम साथी नासिर सहित सड़क पर गिर गया। दोनों ट्रक की चपेट में आ गए। अजीम के ऊपर ट्रक का पहिया चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नासिर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से बिजनौर रेफर कर दिया गया। दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। ट्रक चालक ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने ट्रक चालक गांव गढ़ी बिजनौर निवासी सत्यवीर को हिरासत में ले लिया है।