नांगलसोती। उत्तम शुगर मिल द्वारा गन्ना तौल के लिए गांववार लगाई गई शिफ्ट का किसानों ने विरोध किया। सोमवार को कई किसान मिल में गन्ना लेकर पहुंचे, तो मिल प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा और बिना शिफ्ट ही गन्ना तौल कराई गई।
उत्तम शुगर मिल बरकातपुर का पेराई सत्र रविवार को शुरू हुआ था। मिल में गन्ना तौल के लिए गांववार शिफ्ट लगाई गई थी। सोमवार को लालपुरमान सहित कई गांवों के किसान बिना शिफ्ट ही गन्ना लेकर चीनी मिल पहुंचे और शिफ्ट का विरोध किया। किसानों मुनेश सिंह, ओमपाल सिंह, देवेंद्र, अमरीश, कपिल का कहना था कि मिल प्रशासन शिफ्ट लगाकर किसानों का शोषण कर रहा है। किसान किसी भी कीमत पर शिफ्ट में गन्ना तौल को बर्दाश्त नहीं करेगा। शिफ्ट प्रक्रिया लागू की गई, तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
किसानों के उग्र रूप को देखते हुए मिल प्रशासन बैकफुट पर आ गया। गन्ना लेकर पहुंचे किसानों की बिना शिफ्ट ही गन्ना तौल कराई गई। उधर, मिल के गन्ना उप महाप्रबंधक सुशील खोखर का कहना है कि किसानों की सुविधा को देखते हुए मिल में शिफ्ट प्रक्रिया लागू की गई थी। प्रक्रिया पर किसानों को आपत्ति है, तो इसे खत्म कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारी किसानों में जयपाल सिंह, दिनेश, मोहित, सतेंद्र, अनुज, सोनू, सुखवीर, नरदेव, सचिन, पुष्पेंद्र शामिल रहे।