यूपी बोर्ड परीक्षा के पारिश्रमिक का होगा भुगतान
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2017 में कक्ष निरीक्षकों, बंडल वाहकों, केंद्र व्यवस्थापकों आदि के पारिश्रमिक का भुगतान जल्द किया जाएगा। इसके लिए डीआईओएस कार्यालय को 12 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो गई है।
डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2017 में परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक, बंडल वाहक, महिला सवारी भाड़ा, केंद्र व्यवस्थापकों के लिए शासन से 12 लाख रुपये की ग्रांट प्राप्त हो गई है। उन्होंने जिले के ऐसे प्रधानाचार्यों जिनके कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। उनसे पारिश्रमिक के भुगतान के लिए बिल तैयार करा कर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पारिश्रमिक का भुगतान कार्यालय को बिल पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। दूसरी ओर, डीआईओएस ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों से यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 30 दिसंबर से 13 जनवरी के बीच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हाई स्कूल की परीक्षा में नैतिक शिक्षा खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक बोर्ड की वेबसाइट पर 15 दिसंबर तक ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे।