नजीबाबाद में कंबल निर्माण का निरीक्षण करते प्रबंधक राम कवांर।
- फोटो : NAZIBABAD
लॉकडाउन के बाद तैयार हुए 900 कंबल
नजीबाबाद। जिला प्रशासन की ओर से शीत ऋतु में नजीबाबाद कंबल कारखाने में तैयार किए गए कंबल जिले के जरूरतमंदों को वितरित किए जाएंगे। लॉकडाउन के बाद कंबल कारखाने ने करीब 900 कंबल निर्माण किए हैं। एक हजार से अधिक कंबल कारखाने में पहले तैयार किए जा चुके हैं।
खादी ग्रामोद्योग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नवनीत सहगल के प्रयास से मुख्यमंत्री की बंद कंबल कारखाना जीर्णोद्घार योजना के तहत नजीबाबाद के बंद कंबल कारखाने में करीब दो दशक के बाद 26 दिसंबर 2019 में कंबल निर्माण शुरू हुआ था। कारखाने में मार्च तक 1046 कंबल बनाए गए थे। मिल प्रबंधक राम कवांर ने बताया कि कंबल कारखाने को वित्तीय वर्ष 2020-21 में पांच हजार कंबल निर्माण का लक्ष्य है। हाल ही में गोपीगंज भदोही से धागा मिलने के बाद कंबल निर्माण में तेजी आई है। खादी ग्रोमोद्योग के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान कई बार कंबल कारखाने का निरीक्षण कर चुके हैं। हाल ही में गोपाल अंजान ने शीत ऋतु में जिला प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों को नजीबाबाद कंबल कारखाने में निर्मित कंबल वितरित करने की जानकारी दी थी। प्रबंधक राम कवांर ने बताया कि नजीबाबाद कारखाना जिला में कंबल वितरण की आपूर्ति देने में सक्षम है।
प्रति कंबल कीमत 525 रुपये
नजीबाबाद। कंबल कारखाना नजीबाबाद निर्मित कंबल की कीमत 525 रुपये प्रति कंबल निर्धारित की गई है। कंबल का आकार 94 इंच लंबा और 54 इंच चौड़ा रखा गया है।