सलमान खान के नाम पर ठगी, धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज
बिजनौर। सिने अभिनेता सलमान खान का कोई कार्यक्रम चार मई को बिजनौर में नहीं होने वाले। सलमान खान के कार्यक्रम के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ शहर कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ठगी करने वाले गैंग की तलाश में जुटी है। कार्यक्रम के पोस्टर पर जो मोबाइल नंबर अंकित थे। वे सभी बंद आ रहे हैं। सलमान खान के नाम पर ठगी करने वाले का पता नहीं चल पा रहा है।
पिछले कई दिनों बीईग ह्यूमन फाउंडेशन के नाम से बिजनौर में मशहूर सिने अभिनेता सलमान खान के चार मई को बिजनौर की किरतपुर रोड पर लाइव शो कार्यक्रम में आने के पोस्टर लगवाए जा रहे थे। कार्यक्रम में सलमान खान के अलावा गायक गुरू रंधावा, नेहा कक्कड़ ,अरमान मलिक व अमोल मलिक के आने की भी बात कही गई थी। कार्यक्रम के सहसंयोजक में तीन इंटरनेशन कंपनी के नाम लिखे गए थे। चार कैटेगिरी में टिकट रखे गए है। वीवीआईपी टिकट की कीमत 2500 रुपये , बीआईपी 1550 रुपये , डायमंड 1150 रुपये व गोल्डन टिकट के 750 रुपये रखे गए। टिकट बृहस्पतिवार तक बुक होने थे। पोस्टर में सलमान खान को बीईग ह्यूमन फाउंडेशन का चेयरमैन बताया गया। अफसर तक इस कार्यक्रम से अनजान रहे। इस कार्यक्रम के लिए प्रशासन से कोई अनुमति तक नहीं ली गई। सलमान खान के दीवाने इस कार्यक्रम को लेकर बेकरार रहे। यह पता लगाने में जुटे रहे कि वाकई में सलमान खान आ रहे हैं या नहीं। शुक्रवार को सिविल लाइन पुलिस चौकी के प्रभारी संजय गिरी की ओर से इस मामले में शहर कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। कोतवाल रामसेवक के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। कार्यक्रम के नाम पर ठगी करने वालों की पुलिस तलाश में जुटी हैं। सलमान खान का कोई कार्यक्रम नहीं हो रहा है।