नगर में गूंजे भगवान शिव के जयकारे
नजीबाबाद। शिव भक्तों के जयकारों से नगर शिवमय हो गया। हर जगह बोल बम के जयकारे गूंज रहे हैं। प्रशासन की ओर से शिव भक्तों को सुरक्षित आवागमन देने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। नगर में कई स्थानों पर कांवड़ सेवा शिविर आयोजित किए गए हैं।
पवित्र गंगा जल के साथ रुद्रपुर, काशीपुर, शाहजहांपुर, बुलंदशहर के कांवड़िये भगवान आशुतोष के जयकारों के साथ नजीबाबाद से गुजर रहे हैं। शिव भक्तों ने मोटा महादेव मंदिर पर पहला जलाभिषेक किया। नवगत थाना प्रभारी संजय कुमार पांचाल, एसआई संजय कुमार, कुमरेश त्यागी के नेतृत्व में कांवड़ियों के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। फ्लाईओवर होने के बावजूद बड़ी संख्या में टीला मंदिर क्षेत्र से चौक बाजार होते हुए शिव भक्त कांवड़िये जोखिम उठाकर डबल फाटक रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे हैं। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से डबल फाटक रेलवे क्रॉसिंग और माल गोदाम रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा की व्यवस्था नहीं की गई है।
कई स्थानों पर लगे सेवा शिविर
नजीबाबाद। शिव शक्ति धाम सीकेआई चौराहा सहित कई स्थानों पर कांवड़ियों की सेवा के लिए निशुल्क ठहरने, भोजन और दवा उपलब्ध कराने के लिए सेवा शिवर लगाए गए है। एसडीएम उमेश कुमार मिश्र ने शिव शक्ति धाम पर राजपाल चौहान, नरेंद्र चौधरी, धर्मवीर सिंह, अवधेश शर्मा, विनय कौशिक के नेतृत्व में आयोजित कांवड़िये सेवा शिवर का उद्घाटन किया। उधर, कोतवाली रोड पर तायल पेट्रोल के निकट युवा पत्रकार मंच की ओर से तीन दिवसीय कांवड़िया सेवा शिवर का एसडीएम उमेश कुमार मिश्र, मुस्लिम फांड के एमडी आईएच जकी, थाना प्रभारी संजय पांचाल, जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन याकूब राईन ने संस्था के संरक्षक टीएस मलिक, अध्यक्ष गुलजार कुरैशी, सुनील, समीर, अंकित शर्मा, शाही अराफात, मरगूब नासिर की उपस्थिति में संयुक्त रूप से फीता काट कर उद्घाटन किया। चेतना गुप्ता, नसीम, फैसल, संदीप शर्मा, सुनील यादव ने शिव भक्तों को भोजन कराया। टीला मंदिर क्षेत्र, शिव मूर्ति तिराहे क्षेत्र तथा नगर के कई क्षेत्रों में सेवा शिविर लगाए गए हैं।