चालू पेराई सत्र में किसानों को मिला 598 करोड़ का भुगतान
बिजनौर। जिले की चीनी मिलों ने इस साल अब तक किसानों के खाते में 598 करोड़ का भुगतान भेज दिया है। चीनी मिलों पर 14 दिन पहले खरीदे गन्ने का 443 करोड़ रुपये बकाया है। इस भुगतान को दिलाने के लिए भी चीनी मिलों ने प्रशासन पर पूरा दबाव बना रखा है।
चीनी के दाम कम होने से किसान व चीनी मिल दोनों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। दाम कम होने से किसानों को गन्ने का मूल्य समय पर नहीं मिलता है, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते चीनी मिल समय-समय पर किसानों को गन्ना भुगतान कर रही हैं। जिले की नौ चीनी मिलों पर जिले में करीब तीन लाख किसान गन्ना आपूर्ति करते हैं। जिले की सभी चीनी मिलों ने भुगतान किया है।
चीनी मिल भुगतान बकाया भुगतान
धामपुर 16187.63 6689.83
स्योहारा 13493.07 3393.86
बिलाई 323.27 16244.99
बहादरपुर 9082.01 2465.44
बरकातपुर 5305.44 6751.94
बुंदकी 8902.65 2325.08
चांदपुर 1176.67 3814.76
बिजनौर 987.40 1941
नजीबाबाद 4406.86 760.75
कुल 59811.00 44387.65
नोट:ये आंकड़े गन्ना विभाग से लिए गए हैं।
हो रही कड़ी कार्रवाई
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार जिले के किसानों का भुगतान कराया जा रहा है। भुगतान न करने वाली चीनी मिलों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।