अमरोहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को कैलसा रोड पर रौनक वाटिका में अमरोहा शहर के 17 जोड़ों का विवाह कराया गया था। शुक्रवार को नगर पालिका में जोड़ों को 20-20 हजार रुपये के चेक और गृहस्थी का सामान बांटा गया। इस दौरान उपहार में कम सामान मिलने पर जोड़ों ने हंगामा काट दिया।
मुख्यमंत्री की सामूहिक विवाह योजना के तहत कमजोर वर्ग के लोगों के विवाह के लिए सरकार की ओर से 20 हजार रुपये नकद और गृहस्थी की शुरूआत करने के लिए दस हजार रुपये का सामान उपहार स्वरूप दिया जाता है।
बुधवार को कैलसा रोड पर शहर के 17 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया था। इसमें कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। शुक्रवार को आठ जोड़े नगर पालिका में सामान और चेक लेने पहुंचे थे।
पालिका कर्मियों ने जोड़ों को 20-20 हजार रुपये के चेक और गृहस्थी का सामान बांटा गया। इस दौरान गृहस्थी के सामान को देखकर जोड़े भड़क गए, और हंगामा काट दिया। जोड़ों का आरोप है कि बांटा गए सामान में गुणवत्ता नहीं है, और सामान भी कम दिया गया है।
आरोप लगाया कि गृहस्थी का सामान तीन से चार हजार रुपये से ज्यादा का नहीं है। बाद में पालिका कर्मियों के समझाने पर जोड़े मान गए और घरों को लौट गए।
जिलाधिकारी से करें शिकायत
चेयरमैन शशि जैन ने कहा कि जोड़ों के विवाह की व्यवस्था और गृहस्थी के सामान की खरीद का ठेका गजरौला की एक फर्म को दिया गया था। जोड़ों को समस्या है तो गृहस्थी के सामान में क्वालिटी या कम सामान की जिलाधिकारी से शिकायत करें।